
शाहपुर क्षेत्र में मकर संक्रांति श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई, मंदिरों में हवन-पूजन व खिचड़ी प्रसाद वितरण
शाहपुर क्षेत्र में मकर संक्रांति श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई, मंदिरों में हवन-पूजन व खिचड़ी प्रसाद वितरण


शाहपुर। कस्बे व देहात क्षेत्र में मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ती रही और धार्मिक वातावरण बना रहा।
कस्बे में मकर संक्रांति के अवसर पर सिद्धपीठ मां श्री गोकुला देवी मंदिर में भव्य हवन का आयोजन किया गया। हवन के यजमान आशीष बंसल व संदीप बंसल सपत्नीक रहे, जबकि हवन का विधिवत संचालन ब्रह्म पंडित श्याम सुंदर शर्मा द्वारा किया गया। हवन-पूजन के उपरांत श्रद्धालुओं को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति के अजय बंसल, उमेश गोयल, अजय गोयल, सुरेंद्र जिंदल, मनोज सिंघल, विजय गोयल, वरुण चौधरी, नवीन राणा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त कस्बे के प्राचीन शिव मंदिर, बालाजी धाम, पिपलेश्वर हनुमान मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, शिव दुर्गा मंदिर, रामनगर स्थित राम मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी मकर संक्रांति के अवसर पर हवन आयोजित किए गए और प्रसाद वितरण किया गया। कस्बे के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं द्वारा भी खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया, जिससे आपसी सौहार्द और सहयोग की भावना देखने को मिली।
क्षेत्र के गांव पलड़ा में स्थित सिद्धपीठ श्री एकांतेश्वर महादेव धाम मंदिर में मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में मकर संक्रांति पर्व पर विशेष हवन का आयोजन किया गया। हवन के उपरांत खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान मंदिर समिति के संरक्षक एवं अध्यक्ष राजेश सिंघल, राजीव गर्ग, अध्यक्ष रजत बंसल, सुनील प्रजापति, विनय प्रजापति, राजू नामदेव, राजेंद्र मित्तल, संजीव सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इसके अलावा गांव सोरम में श्री राधे राधे जनकल्याण फाउंडेशन के तत्वावधान में ओमदत्त शर्मा के आवास पर खिचड़ी प्रसाद व गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। इस अवसर पर सोमपाल,राजकुमार शर्मा,वासुदेव शर्मा,आदि दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे,गोयला, चांदपुर, दिनकरपुर, काकड़ा, रसूलपुर जाटान सहित अन्य गांवों में भी मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। कुल मिलाकर शाहपुर क्षेत्र में मकर संक्रांति का पर्व धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का संदेश देता नजर आया।











