मुजफ्फरनगर में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने को बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुजफ्फरनगर में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करने को बैठक, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुजफ्फरनगर, 25 मार्च 2026। जनपद में एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर व ग्रामीण, जिला पूर्ति अधिकारी, गैस कंपनियों के विक्रय अधिकारी (आईओसी, बीपीसीएल, एचपीसीएल) तथा जनपद के सभी गैस वितरकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान वर्तमान में गैस सिलेंडर की बुकिंग और वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि गैस वितरक उपभोक्ताओं को बुकिंग के बैकलॉग के आधार पर समयबद्ध तरीके से सिलेंडर उपलब्ध कराएं। साथ ही गोदामों व डिलीवरी प्वाइंट्स पर यह स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए कि किस तिथि की बुकिंग के अनुसार गैस वितरित की जा रही है। उन्होंने अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराने पर जोर दिया, जिससे गोदामों पर भीड़ कम हो और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी गैस वितरक के साथ उपभोक्ताओं द्वारा अनुचित दबाव बनाया जाता है या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया जाता है, तो पुलिस विभाग पूर्ण सहयोग करेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही गैस वितरकों को सुरक्षा प्रदान करने का आश्वासन भी दिया गया।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि “तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति और वितरण का विनियमन) संशोधन आदेश-2026” के अनुसार जिन उपभोक्ताओं के पास पाइप्ड प्राकृतिक गैस (PNG) और घरेलू एलपीजी दोनों कनेक्शन हैं, उन्हें एक कनेक्शन वापस करना होगा। ऐसे उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे एलपीजी कनेक्शन वापस कर दें और अनावश्यक बुकिंग से बचें, जिससे अन्य जरूरतमंदों को गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से हो सके।
कालाबाजारी और मुनाफाखोरी पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम गठित की गई है, जो नियमित रूप से निरीक्षण और छापेमारी करेगी। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग होटल, ढाबों और ठेलों पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि कहीं भी ऐसी गतिविधियां पाई जाती हैं, तो संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गैस वितरकों को अपने प्रतिष्ठानों और गोदामों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें हर समय क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा अव्यवस्था फैलाने की घटनाओं पर नजर रखी जा सके। साथ ही हॉकरों की नियमित जांच करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने को कहा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और केवल अधिकृत माध्यमों जैसे मोबाइल एप, कॉल या व्हाट्सएप के जरिए ही गैस बुकिंग कराएं। ई-केवाईसी की प्रक्रिया भी समय-समय पर पूरी करते रहें।
बैठक के अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोहराया कि गैस की कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति या वितरक को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने आमजन को आश्वस्त किया कि जनपद में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी नागरिक शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखें।











