
द गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे
द गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे

खतौली। क्षेत्र के गांव कैलाशनगर स्थित द गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को मदर्स डे के अवसर पर भव्य मातृत्व सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माताओं के त्याग, समर्पण और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानपूर्वक याद किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा बच्चों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
“
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों ने कविता पाठ, गीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से माँ के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को व्यक्त किया। कई विद्यार्थियों ने मंच से अपनी माताओं के संघर्ष, ममता और प्रेरणा से जुड़े भावुक अनुभव भी साझा किए, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भावनात्मक हो गया।

विद्यालय प्रबंधक अंकित चौधरी ने कहा कि माँ केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं होती, बल्कि वह समाज निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ का सम्मान करना चाहिए और उनके योगदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि माताओं के सम्मान का भाव केवल मदर्स डे तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जीवनभर बना रहना चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में अनेक माताओं ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए अपने परिवार और समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि मातृत्व त्याग, धैर्य और प्रेम का सर्वोच्च उदाहरण है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं युवाओं ने अपनी माताओं को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने भी विद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार एवं पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अनुज सैनी, अंजली, शिखा, पूजा, सोनम, अभिषेक, ममता सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।











