सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, युवक की तलाश में जुटी पुलिस
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, युवक की तलाश में जुटी पुलिस
शाहपुर। सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है। वायरल वीडियो में युवक कथित रूप से कुछ हिन्दू संगठनों के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज करता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है।
वीडियो वायरल होते ही शाहपुर पुलिस हरकत में आ गई और मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है तथा वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम युवक के संभावित ठिकानों पर भी पहुंची, लेकिन वह अपने घर पर नहीं मिला।
पुलिस का कहना है कि युवक के परिजनों से पूछताछ की गई है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म, समुदाय या संगठन के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकता है और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











