हरसौली-तावली मार्ग पर दर्दनाक हादसा: भाजपा मंडल अध्यक्ष के भाई की मौत, दूसरा घायल; बढ़ते ट्रैफिक से ग्रामीणों में आक्रोश

हरसौली-तावली मार्ग पर दर्दनाक हादसा: भाजपा मंडल अध्यक्ष के भाई की मौत, दूसरा घायल; बढ़ते ट्रैफिक से ग्रामीणों में आक्रोश


शाहपुर। थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा के सोरम मंडल अध्यक्ष पवन वर्मा के भाई की मौत हो गई, जबकि उनका दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावी यातायात प्रबंधन और सुरक्षा उपायों की मांग उठाई है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव कसेरवा निवासी भाजपा सोरम मंडल अध्यक्ष पवन वर्मा के 32 वर्षीय भाई नरेंद्र वर्मा अपने भाई प्रमोद वर्मा के साथ बाइक से मुजफ्फरनगर से वापस गांव लौट रहे थे। जब दोनों गांव हरसौली और तावली के बीच पहुंचे तो उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना राहगीरों ने तत्काल डायल-112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए स्वाति हॉस्पिटल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान नरेंद्र वर्मा ने दम तोड़ दिया, जबकि प्रमोद वर्मा का उपचार जारी है।
मृतक नरेंद्र वर्मा के संबंध में परिजनों ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ बुढ़ाना में रहते थे तथा दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। नरेंद्र अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल पहुंची परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। दूसरी ओर घायल प्रमोद वर्मा गांव में ही सर्राफा व्यवसाय करते हैं और उनकी हालत में सुधार के प्रयास जारी हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही कसेरवा सहित आसपास के गांवों के दर्जनों ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता तथा अन्य गणमान्य लोग मुजफ्फरनगर पहुंच गए। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और लोग मृतक के परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
उधर, क्षेत्र में गुरुवार देर शाम भी एक अन्य सड़क दुर्घटना हुई। गांव काकड़ा निवासी बिजेंद्र उर्फ काला, जो गांव गढ़ी बहादुरपुर स्थित एक ईंट भट्टे पर पथेर का कार्य करता है, बाइक से भट्टे पर जा रहा था। जब वह काकड़ा और शाहपुर की नवीन गुड़ मंडी के पास पहुंचा तो सामने से आ रही एक बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेरठ के सरकारी अस्पताल भेज दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि बुढ़ाना-मुजफ्फरनगर मार्ग पर टोल टैक्स नहीं होने के कारण इस सड़क पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है। मुजफ्फरनगर से सोनीपत जाने वाले अनेक वाहन चालक टोल बचाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे दिन-रात सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कस्बों और गांवों के बीच सड़क पार करना भी जोखिम भरा हो गया है। बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन को सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण, स्पीड नियंत्रण व्यवस्था, चेतावनी संकेतक तथा अन्य सुरक्षा उपायों पर तत्काल ध्यान देना चाहिए। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो दुर्घटनाओं का सिलसिला और बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने जनहित में इस मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग प्रशासन से की है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles