शाहपुर क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती, दर्जनों गांवों में निकली भव्य शोभायात्राएं
शाहपुर क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती, दर्जनों गांवों में निकली भव्य शोभायात्राएं






शाहपुर। क्षेत्र के दर्जनों गांवों में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती श्रद्धा, आस्था और सामाजिक समरसता के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कहीं भंडारे और कीर्तन आयोजित किए गए तो कस्बा शाहपुर सहित कई गांवों में विशाल शोभायात्राएं निकाली गईं। शोभायात्राओं में देशभक्ति और धार्मिक झांकियों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के डीजे पर बज रहे भजनों व फिल्मी गीतों पर कलाकारों ने नृत्य कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्राओं का स्वागत किया गया।


गांव सोरम में आयोजित शोभायात्रा में समाजवादी पार्टी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल, जिला पंचायत वार्ड 24 के उम्मीदवार डॉ. लोकेंद्र बालियान, ग्राम प्रधान करनवीर सिंह, सनी बालियान, वार्ड 24 से जिला पंचायत के दूसरे उम्मीदवार संदीप बालियान सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने गुरु शिरोमणि रविदास के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस मौके पर सत्येंद्र पाल ने कहा कि संत रविदास ने समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी, उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। संदीप बालियान ने कहा कि गुरु रविदास की शिक्षाएं हमें जाति-भेद से ऊपर उठकर समाज को जोड़ने की प्रेरणा देती हैं। वहीं डॉ. लोकेंद्र बालियान ने कहा कि संत रविदास का जीवन संघर्ष, सादगी और सामाजिक न्याय का प्रतीक है, जिन्हें अपनाकर ही समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव है।

गांव सोरम में शोभायात्रा हरिजन चौपाल से आरंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई पुनः उसी स्थान पर संपन्न हुई। इस अवसर पर उदयवीर, जयपाल, राजकुमार, मास्टर नरेंद्र, मोहित, रॉकी, सिकंदर, राकेश, बंटी, विशाल, शेखर, परवीन, वीरेंद्र, हरवीर, अंकित, राजा, रामधन, मास्टर रविंदर, मुकेश, पवन कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में दलित समाज के लोग उपस्थित रहे। जिला पंचायत के दोनों उम्मीदवारों ने अपने वार्ड 24 के सभी गांवों में पहुंचकर गुरु प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

कस्बा शाहपुर में भी संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती पर विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का उद्घाटन पूर्व चेयरमैन परमेश सैनी ने फीता काटकर किया, जबकि उमेश मित्तल ने गुरु प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर परमेश सैनी ने कहा कि संत रविदास का संदेश सामाजिक एकता और समान अधिकारों का है, जिसे हमें अपने जीवन में उतारना चाहिए। शोभायात्रा मोहल्ला सानियान, मोहल्ला दरबार, मैन बाजार, गडरियान, मंगलापुरी मंडी, गोकुलपुर से होती हुई रविदास धर्मशाला पर संपन्न हुई।

इसके अलावा क्षेत्र के गांव मंदहेड़ा, कमालपुर, गोयला, आदमपुर आदि में भी गुरु रविदास जयंती पर शोभायात्राएं निकाली गईं। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी राहुल कुमार तथा एसआई अशोक भारद्वाज पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम संपन्न हुए।











