
स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली जागरूकता रैली, नामांकन बढ़ाने पर जोर
स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली जागरूकता रैली, नामांकन बढ़ाने पर जोर

शाहपुर। कस्बे में परिषदीय विद्यालयों द्वारा संचालित “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। रैली का शुभारंभ बीआरसी कार्यालय से खंड शिक्षा अधिकारी संजय भारती ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसमें कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, जूनियर हाई स्कूल गोकुलपुर, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय तथा प्राथमिक विद्यालय नंबर एक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर शिक्षा के महत्व से जुड़े नारे लगाए और अभिभावकों को अपने बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। पूरे कस्बे में भ्रमण कर रैली ने लोगों का ध्यान शिक्षा की ओर आकर्षित किया।
रैली के उपरांत डीएवी इंटर कॉलेज में एक ब्लॉक स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में तहसीलदार बुढ़ाना महेंद्र यादव, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. त्रिवेंद्र कुमार, बाल विकास परियोजना की सुपरवाइजर गीता देवी एवं खंड शिक्षा अधिकारी संजय भारती सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने शिक्षकों से परिषदीय विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने और 14 वर्ष तक के सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने लोकगीतों के माध्यम से सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं को प्रस्तुत किया, वहीं देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुस्तकें और स्टेशनरी वितरित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मास्टर इरशाद अली ने किया, जबकि प्रधानाचार्य कर्ण सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। गोष्ठी में विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी और शिक्षिकाएं भी मौजूद रहीं।











