भव्य समापन के साथ संपन्न हुआ सिद्ध पीठ मां गोकुल देवी मंदिर का छह दिवसीय मेला
भव्य समापन के साथ संपन्न हुआ सिद्ध पीठ मां गोकुल देवी मंदिर का छह दिवसीय मेला


शाहपुर। सिद्ध पीठ मां गोकुल देवी मंदिर परिसर में आयोजित छह दिवसीय पारंपरिक मेले का बुधवार को विधिवत एवं भव्य समापन किया गया। समापन अवसर पर मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में महाआरती का आयोजन बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कस्बे के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. गौरव सैनी तथा वरिष्ठ व्यापारी नेता प्रमोद मित्तल शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने मां गोकुल देवी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और श्रद्धालुओं के साथ महाआरती में भाग लिया।
इस अवसर पर जनपद केमिस्ट एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं व्यापार जगत के अग्रणी नेता प्रमोद मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि मेले केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं की जीवंत पहचान भी हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म विश्व का सबसे प्राचीन धर्म है, जिसकी गहराई और वैज्ञानिकता आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने बताया कि हमारे धार्मिक ग्रंथों और पंचांगों में ग्रहण सहित अनेक खगोलीय घटनाओं का वर्णन पहले से ही मौजूद है, जिन्हें आधुनिक विज्ञान आज भारी खर्च और शोध के बाद प्रमाणित करता है।
वहीं डॉ. गौरव सैनी ने कहा कि मां गोकुल देवी मंदिर पर लगने वाला यह मेला दशकों पुराना है और इसकी अपनी एक अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि इस मेले में न केवल कस्बे बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मां के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत अवश्य पूरी होती है और यही आस्था लोगों को यहां बार-बार आने के लिए प्रेरित करती है।
कार्यक्रम के दौरान आर्य परिवार के रणवीर सिंह आर्य ने मंदिर के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह स्थल वर्षों से श्रद्धा और विश्वास का केंद्र रहा है। चतुर्दशी पर आरंभ होने वाला यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है।
समापन के दिन मेले का अंतिम दिन होने के कारण रात्रि 12 बजे के बाद दुकानदारों द्वारा अपनी-अपनी दुकानें हटाई जायेगी












। मेले में लगे झूले, खानपान और विभिन्न प्रकार की दुकानों ने पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुज अग्रवाल ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर विजय बंसल, संदीप बंसल, मनोज सिंघल, संदीप जैन, हरिओम पुंडीर, अजय गोयल, विजय गोयल, भाग्य शर्मा, मास्टर चतुर्वेदी, नवीन राना, सोनू नामदेव सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
वहीं मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ निरीक्षण किया और अधीनस्थों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि को तत्काल रोका जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए, जिससे मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सका।











