शाहपुर में भाजपा कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर की तैयारियां तेज
शाहपुर में भाजपा कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर की तैयारियां तेज


शाहपुर। दा स्काई लेंड स्कूल परिसर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक उमेश मलिक ने बताया कि आगामी 28 व 29 मार्च को बुढाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी पांच भाजपा मंडलों के कार्यकर्ताओं के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि शिविर में भाग लेने वाले सभी कार्यकर्ताओं के ठहरने, भोजन और अन्य व्यवस्थाएं स्कूल परिसर में ही सुनिश्चित की गई हैं, ताकि कार्यकर्ता पूरी तरह प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित कर सकें। यह प्रशिक्षण शिविर भाजपा के वरिष्ठ नेता श्यामपाल भाई जी के मार्गदर्शन में तथा भाजपा जिला मंत्री प्रमेश सैनी के संयोजन में आयोजित किया जाएगा।
उमेश मलिक ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार के 11 वर्षों और प्रदेश सरकार के 9 वर्षों के विकास कार्यों की जानकारी देना है, जिससे वे क्षेत्र की जनता के बीच जाकर इन उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका होती है, और यह प्रशिक्षण उन्हें और अधिक सक्षम बनाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि शिविर में विधानसभा स्तर के साथ-साथ जिला स्तर के पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जो कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
इस अवसर पर चांदपुर प्रधान कुलदीप त्यागी, मोनू सैनी प्रधान पलड़ी, शाहपुर मंडल के उपाध्यक्ष अरविंद पाल, ऋषभ गोयल, कपिल सैनी, जितेंद्र सिंह, अजय गोयल, सोनू नामदेव सहित दर्जनों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।











