
पुण्य स्मृति में निशुल्क चिकित्सा शिविर, 300 मरीजों की हुई जांच
पुण्य स्मृति में निशुल्क चिकित्सा शिविर, 300 मरीजों की हुई जांच

शाहपुर। कस्बे की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था शाहपुर कन्या इंटर कॉलेज में संस्थापक स्वर्गीय डॉ. राजपाल गुप्ता की पुण्य स्मृति में शनिवार को निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लगभग 300 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श व दवाइयां प्रदान की गईं।

कॉलेज के प्रबंधक अरविंद गुप्ता ने बताया कि स्वर्गीय डॉ. राजपाल गुप्ता की स्मृति में यह निशुल्क स्वास्थ्य शिविर रोटरी क्लब सखी के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया। शिविर में चर्म रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, स्त्री रोग, गुर्दा रोग, श्वसन रोग तथा बाल रोग सहित कई बीमारियों की जांच की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों से अपनी समस्याओं के समाधान के बारे में जानकारी ली।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रोटरी गवर्नर पायल गौड़ ने कहा कि रोटरी क्लब हमेशा शिक्षा और समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे चिकित्सा शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं, क्योंकि इससे जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं आसानी से मिल जाती हैं। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

विद्यालय के अध्यक्ष अजय भार्गव तथा प्रबंधक अरविंद गुप्ता ने सभी अतिथियों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुजफ्फरनगर से पधारे रोटेरियन अनिल बंसल, विशाल कालरा और सुभाष साहनी भी मौजूद रहे।
शिविर में डॉ. आकांक्षा राज, डॉ. साक्षी यादव, डॉ. निशा, डॉ. रीना, डॉ. पलक, डॉ. श्वेता और डॉ. रंजीत सहित कई चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सा शिविर के सफल आयोजन में सानिया मिर्जा, ललिता सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।











