
एनएसएस शिविर के पंचम दिवस पर विद्यार्थियों को मौसम विज्ञान व पर्यावरण संरक्षण की दी जानकारी शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय, शाहपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना

शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय, शाहपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम सोरम स्थित वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के पंचम कार्यदिवस पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी अरविन्द कुमार के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं ग्राम सोरम के वर्तमान ग्राम प्रधान करणवीर सिंह द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने मुख्य अतिथि के स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक वातावरण प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार के मौसम विभाग से आए वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को मौसम विज्ञान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मौसम के सटीक पूर्वानुमान से कृषि, जनजीवन और आपदा प्रबंधन में काफी सहायता मिलती है। साथ ही वैज्ञानिकों ने वायु प्रदूषण के बढ़ते प्रभाव, इसके कारणों तथा इससे बचाव के उपायों पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने छात्रों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ग्राम प्रधान करणवीर सिंह ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से प्लास्टिक थैलों का प्रयोग न करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के उपरांत सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई और सभी अतिथियों को सम्मानपूर्वक विदा किया गया। इसके बाद स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम सोरम की ऐतिहासिक चौपाल का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें भारत की प्राचीन पंचायत व्यवस्था तथा खाप व्यवस्था के इतिहास और सामाजिक महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
आज के भ्रमण कार्यक्रम का संचालन एवं व्यवस्था राजकीय महाविद्यालय के नितिन कुमार द्वारा की गई। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार, अनुज कुमार, आदित्य कुमार, डॉ. संतरेश रानी, आशु प्रजापति सहित धीरज कुमार और लीला भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन कार्यक्रम अधिकारी अरविन्द कुमार ने किया।











