
राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका पर भाषण प्रतियोगिता, पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली
राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका पर भाषण प्रतियोगिता, पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली

शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय, शाहपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम सोरम स्थित वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिन शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिवचरण प्रधान ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों के बीच “राष्ट्र के विकास में युवाओं का योगदान” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने देश के विकास में युवाओं की भूमिका, जिम्मेदारियों और कर्तव्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सानिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अनु द्वितीय और अखिल तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को अतिथियों द्वारा बधाई दी गई और भविष्य में भी इसी तरह समाज व राष्ट्र के लिए कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि शिवचरण प्रधान ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत युवाओं का देश है और यहां की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवा सही दिशा में कार्य करें तो देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
भाषण प्रतियोगिता के पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा पर्यावरण जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने, पर्यावरण को स्वच्छ रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने के लिए जागरूक किया गया। स्वयंसेवकों ने नारे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार, अनुज कुमार, आदित्य कुमार, संतरेश रानी, आशु प्रजापति, धीरज कुमार तथा लीला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं व्यवस्थापन नितिन कुमार द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार ने किया।
सात दिवसीय इस शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों को सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण विकास के प्रति जागरूक किया जा रहा है।











