
होली मिलन समारोह में गूंजा भाईचारे का संदेश, हरेंद्र मलिक ने शांति पर दिया जोर
होली मिलन समारोह में गूंजा भाईचारे का संदेश, हरेंद्र मलिक ने शांति पर दिया जोर
शाहपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं और इन्हें आपसी भाईचारे, सौहार्द व शांतिपूर्वक मनाया जाना चाहिए। कस्बे के कल्पना चावला मेमोरियल इंटर कॉलेज में सपा शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम आयोजक सतेंद्र पाल के नेतृत्व में आयोजित होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि होली सहित सभी त्योहार समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने पारंपरिक पर्वों को पूरे उल्लास के साथ मनाना चाहिए, लेकिन इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि किसी की भावनाएं आहत न हों और सामाजिक सौहार्द बना रहे। उन्होंने लोगों से शांति, संयम और आपसी सम्मान बनाए रखने की अपील की।
अपने संबोधन में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हालात पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इजराइल और इराक के बीच युद्ध जैसी स्थितियां पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय हैं। यदि विश्व में शांति कायम रहेगी तो सभी देश खुशहाल होंगे और मानवता सुरक्षित रहेगी। उन्होंने वैश्विक स्तर पर शांति और सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के आयोजक एवं सपा शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतेंद्र पाल ने कहा कि होली रंगों, प्रेम और भाईचारे का पर्व है, जो समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी दूरी मिटाने और सामाजिक सद्भाव मजबूत करने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, पार्टी पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों का कार्यक्रम में पहुंचने पर आभार व्यक्त किया तथा सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान होली के पारंपरिक गीतों और आपसी मिलन से पूरा वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया।
इस अवसर पर ओमपाल सिंह चेयरमैन, गोल्डी अहलावत, अकरम खान, इकबाल कुरैशी, पुष्पेंद्र बालियान, अनेश निर्वाल, सभासद सतीश पाल, योगेश बालियान, मनोज कुमार, अभिषेक सहित अनेक गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समारोह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।











