समिति में अनियमितताओं के आरोप पर किसानों ने एमडी के विरुद्ध थाने में दी तहरीर,कार्यवाही की मांग

समिति में अनियमितताओं के आरोप पर किसानों ने एमडी के विरुद्ध थाने में दी तहरीर,कार्यवाही की मांग

शाहपुर। क्षेत्र के गांव तावली स्थित किसान सेवा सहकारी समिति में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर बुधवार को दर्जनों किसान शाहपुर थाने पहुंच गए। बरवाला के पूर्व प्रधान एवं जिला पंचायत सदस्य सत्येंद्र बालियान के नेतृत्व में किसानों ने थाने पर तहरीर देकर समिति के एमडी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
गांव निर्माणी निवासी किसान नरेंद्र कुमार पुत्र कृष्ण पाल ने थाना प्रभारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह किसान सेवा सहकारी समिति तावली का सदस्य है। प्रार्थी के अनुसार उसने समिति में हो रही अनियमितताओं की जांच कराने के लिए पूर्व में शिकायत दी थी। इसी क्रम में बुधवार को एडीओ पंचायत बघरा जांच के लिए तावली समिति पहुंचे थे और उन्होंने प्रार्थी को भी समिति पर बुलाया।
नरेंद्र कुमार का आरोप है कि जब वह जांच के दौरान समिति पर पहुंचा तो समिति के एमडी संजीव कुमार उसे देखकर भड़क गए और कथित रूप से धमकी देने लगे। प्रार्थी का कहना है कि एमडी ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने और रास्ते से हटवाने तक की धमकी दी। किसान ने यह भी बताया कि वह दिल का मरीज है और यदि उसे या उसके परिवार को कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी एमडी की होगी।
उधर, जांच अधिकारी एडीओ पंचायत ने फोन पर बताया कि वह बुधवार को तावली केंद्र पर अनियमितताओं की जांच करने पहुंचे थे, लेकिन समिति के एमडी द्वारा हंगामा किए जाने के कारण जांच पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की आख्या उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और आगे के निर्देशों की प्रतीक्षा की जा रही है।
इस मामले में बरवाला गांव के पूर्व प्रधान एवं जिला पंचायत सदस्य सत्येंद्र बालियान ने चेतावनी दी कि यदि समिति के एमडी के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र के किसान समिति पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। किसानों ने समिति में व्यापक अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
थाने पहुंचे किसानों में संत कुमार त्यागी, शौकीन अली, जमशेद, देवेंद्र कुमार, नरेंद्र त्यागी, आनंद, गजेंद्र, शकील समेत दर्जनों किसान शामिल रहे। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles