नोएडा में तैनाती के दौरान दरोगा कंवरपाल का हृदयाघात से निधन, गांव शोरम में अंतिम संस्कार

नोएडा में तैनाती के दौरान दरोगा कंवरपाल का हृदयाघात से निधन, गांव शोरम में अंतिम संस्कार


शाहपुर। क्षेत्र के गांव शोरम निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस के दरोगा कंवरपाल का नोएडा में तैनाती के दौरान हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से गांव और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। देर रात गमगीन माहौल में गांव के श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके पुत्र ने मुखाग्नि दी। क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने दिवंगत दरोगा को अंतिम सलामी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव शोरम निवासी दरोगा कंवरपाल पुत्र ब्रहम सिंह वर्ष 1986 में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर भर्ती हुए थे। अपनी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर उन्होंने पदोन्नति पाकर दरोगा का पद हासिल किया। वर्तमान में उनकी तैनाती जनपद गौतम बुद्ध नगर के सूरजपुर कोर्ट में चल रही थी। वह फिलहाल अपने परिवार के साथ गाजियाबाद में रह रहे थे, जबकि गांव शोरम स्थित मकान और खेती-बाड़ी की देखभाल उनके भाई करते थे।
बताया गया कि बुधवार सुबह अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। परिजन और मित्र तत्काल उन्हें गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उन्हें हृदयाघात आ गया और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आवश्यक कागजी कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद देर रात उनका शव पैतृक गांव शोरम लाया गया।
गांव पहुंचने पर शोकाकुल माहौल में ग्रामीणों और परिजनों की आंखें नम हो गईं। रात में ही श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें गांव के सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह और शाहपुर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने दिवंगत दरोगा को श्रद्धांजलि देते हुए सलामी दी।
दिवंगत कंवरपाल अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और तीन पुत्रियों को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके साथियों और परिचितों ने बताया कि कंवरपाल सिंह बेहद मिलनसार, सरल और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। उनके आकस्मिक निधन से न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles