
राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में ‘समकालीन राजनीति और लोकतंत्र’ पर व्याख्यान, Graphic Era University की डॉ. चंचल भारद्वाज ने किया उद्बोधन
राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में ‘समकालीन राजनीति और लोकतंत्र’ पर व्याख्यान, Graphic Era University की डॉ. चंचल भारद्वाज ने किया उद्बोधन

शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में गत दिवस ‘समकालीन राजनीति और लोकतंत्र’ विषय पर एक प्रभावशाली अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजनीति विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संतरेश रानी द्वारा ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, देहरादून के राजनीति विज्ञान विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. चंचल भारद्वाज का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने के साथ हुआ।
अपने व्याख्यान में डॉ. चंचल भारद्वाज ने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें अत्यंत प्राचीन और सुदृढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि देश में लोकतांत्रिक परंपराओं का लिखित उल्लेख 16 महाजनपदों के काल से प्राप्त होता है। वेदों में भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के आंशिक संकेत मिलते हैं, जो यह प्रमाणित करते हैं कि भारत में जनभागीदारी की परंपरा प्राचीन काल से ही विद्यमान रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतंत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान की प्रक्रिया तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर सहभागिता, जागरूकता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं को संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने तथा सामाजिक और राजनीतिक विषयों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे व्याख्यान छात्रों के बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं और उन्हें समकालीन राजनीतिक परिदृश्य को समझने में सहायता प्रदान करते हैं। इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर आदित्य कुमार, अरविंद कुमार, आशु प्रजापति, अनुज कुमार एवं नितिन कुमार सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।











