शाहपुर में शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई बोर्ड परीक्षा, विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
शाहपुर में शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुई बोर्ड परीक्षा, विद्यार्थियों में दिखा उत्साह

शाहपुर। बुधवार से क्षेत्र में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से प्रारंभ हो गईं। कस्बे के अमर नायक राहुल सिंह राष्ट्रीय इंटर कॉलेज तथा डीएवी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं।



अमर नायक राहुल सिंह राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में आर्य एकेडमी शाहपुर, वैदिक कन्या इंटर कॉलेज शोरम, चौधरी चरण सिंह इंटर कॉलेज गोयला, अरविंद इंटर कॉलेज पूरा, भारद्वाज शिक्षा सदन बुढ़ाना, डीएवी इंटर कॉलेज शाहपुर, शाहपुर कन्या इंटर कॉलेज सहित स्वयं के विद्यार्थियों के लिए केंद्र निर्धारित किया गया है।
बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित हुई। इस केंद्र पर कुल 582 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 29 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा में 691 परीक्षार्थियों में से 33 अनुपस्थित रहे।
दूसरी ओर दयानंद आर्यवीर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल की प्रथम पाली में 550 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 32 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट की द्वितीय पाली में 483 परीक्षार्थियों में से 20 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं नकलविहीन परीक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।कैमरों के साथ कक्ष निरीक्षकों एवं केंद्र व्यवस्थापकों की निगरानी में परीक्षाएं शांतिपूर्वक संपन्न हुईं।
परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने आपस में चर्चा करते हुए बताया कि हिंदी का प्रश्नपत्र संतुलित और पाठ्यक्रम आधारित था, जिससे उन्हें परीक्षा देने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हुई।
पहले ही दिन परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन एवं व्यवस्था संतोषजनक रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।











