
द स्काइलैंड स्कूल शाहपुर में सीबीएसई विज्ञान कार्यशाला का आयोजन, प्रारंभिक कक्षाओं के शिक्षकों को मिला मार्ग दर्शन
द स्काइलैंड स्कूल शाहपुर में सीबीएसई विज्ञान कार्यशाला का आयोजन, प्रारंभिक कक्षाओं के शिक्षकों को मिला मार्ग दर्शन

शाहपुर। द स्काइलैंड स्कूल शाहपुर में बुधवार को सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस सीबीएसई के तत्वावधान में साइंस (प्रारंभिक कक्षाएँ) विषय पर एक दिवसीय अध्यापक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले भर से आए प्रारंभिक कक्षाओं के विज्ञान विषय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यशाला में भारतीय शिक्षा बोर्ड की डायरेक्टर वंदना भटनागर तथा आर्मी पब्लिक स्कूल सरसावा की प्रधानाध्यापिका वंदना मिश्रा ने मुख्य वक्ता के रूप में सहभागिता की। दोनों विशेषज्ञों ने प्रारंभिक कक्षाओं में विज्ञान शिक्षण को रुचिकर, सरल एवं प्रभावी बनाने के तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शुरुआती कक्षाओं में बच्चों की जिज्ञासा को बढ़ाना सबसे महत्वपूर्ण होता है और इसके लिए गतिविधि आधारित शिक्षण, प्रयोग, खेल तथा दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों का प्रयोग किया जाना चाहिए।

कार्यशाला के दौरान विभिन्न प्रैक्टिकल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से यह समझाया गया कि किस प्रकार विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित की जा सकती है। शिक्षकों को यह भी बताया गया कि पाठ्यक्रम को बोझ न बनाकर रोचक बनाया जाए, ताकि बच्चे सहज रूप से सीख सकें और वैज्ञानिक सोच का विकास हो।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक राहुल गोयल, मनोज गोयल एवं प्रधानाध्यापिका निशा गोयल द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके उपरांत अतिथियों का विद्यालय परिवार द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यशाला के समापन पर उपस्थित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने बताया कि इस कार्यशाला से उन्हें नई शिक्षण विधियों की जानकारी मिली है, जिससे वे अब और बेहतर तरीके से विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर सकेंगे। विद्यालय प्रबंधक राहुल गोयल ने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक कार्यशालाओं का आयोजन विद्यालय भविष्य में भी निरंतर करता रहेगा, जिससे शिक्षकों का कौशल विकास हो और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
कार्यक्रम का सफल संचालन विकास भार्गव द्वारा किया गया।











