
स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर 21 जून को होगा भव्य “योग संगम-2026” आयोजन
“स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर 21 जून को होगा भव्य “योग संगम-2026” आयोजन

मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी 21 जून 2026 को चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, मुजफ्फरनगर में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम “योग संगम-2026” का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा “स्वस्थ आयु के लिए योग” की थीम के अंतर्गत किया जा रहा है।
जनपद में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे योग सप्ताह एवं जनजागरूकता अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर योग शिविर, जागरूकता कार्यक्रम तथा प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस वर्ष “हर घर योगा, हर दिन होगा” के संदेश के साथ लोगों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
आयुक्त सहारनपुर मंडल डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में पूरे जनपद में योग दिवस को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से आमजन को कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज आयुष विभाग के अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने राजकीय जिला पुस्तकालय पहुंचकर पुस्तकालय प्रभारी डॉ. रणवीर सिंह को योग दिवस संबंधी फ्लायर्स एवं लीफलेट भेंट किए। उन्होंने पुस्तकालय के सदस्यों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों तथा विद्यार्थियों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल ने जनपदवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले “योग संगम-2026” में सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ रह सकता है।











