शाहपुर की होनहार बेटी आकांशा शर्मा को एमएससी बायोटेक्नोलॉजी में गोल्ड मेडल मिलने पर किया गया सम्मानित

शाहपुर की होनहार बेटी आकांशा शर्मा को एमएससी बायोटेक्नोलॉजी में गोल्ड मेडल मिलने पर किया गया सम्मानित


शाहपुर: कस्बे की होनहार छात्रा आकांशा शर्मा ने एमएससी बायोटेक्नोलॉजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज, मुजफ्फरनगर में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल कर कस्बे व जनपद का नाम रोशन किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शाहपुर के समाजसेवियों ने उन्हें सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्मान समारोह का आयोजन कस्बे के प्रमुख समाजसेवी अरविंद पाल के प्रतिष्ठान पर किया गया, जहां मोहल्ला सानियान निवासी गोपीराम शर्मा की पुत्री आकांशा शर्मा को शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजसेवी अरविंद पाल ने कहा कि आज के समय में बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और खेल सहित हर क्षेत्र में बेटियां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की तीन पीढ़ियों में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करती हैं। आकांशा शर्मा जैसी प्रतिभाशाली बेटियां अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
नगर पंचायत सभासद सोनू सैनी ने कहा कि कस्बे के एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली आकांशा शर्मा ने कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि इस सफलता में आकांशा के माता-पिता का योगदान भी सराहनीय है, जिन्होंने अपनी बेटी को शिक्षा के अच्छे संस्कार दिए और हर कदम पर उसका साथ दिया।
सभासद मनोज सैनी ने आकांशा शर्मा के माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि सभी अभिभावकों को चाहिए कि वे अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि वे भी आगे बढ़कर समाज और देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज की उन्नति का सबसे सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में मास्टर राजपाल सैनी, ऋषभ गोयल, सभासद सतीश पाल, सभासद मोहसीन, महीपाल सैनी, ओमबीर, विशाल कर्णवाल, संकित सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने आकांशा शर्मा की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसी बेटियां समाज का गौरव होती हैं।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles