
शाहपुर: शांति ग्रुप ने कंबल व भोजन वितरण कर निभाई मानवता की मिसाल
शाहपुर: शांति ग्रुप ने कंबल व भोजन वितरण कर निभाई मानवता की मिसाल

शाहपुर में कड़ाके की ठंड के बीच शांति ग्रुप ऑफ कॉलेज द्वारा गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के लिए की गई सेवा भावना की क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है। नववर्ष के शुभ अवसर पर शांति देवी जैन डिग्री कॉलेज परिसर में एक भव्य सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग एक हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों को कंबल एवं गर्म भोजन वितरित किया गया। इस मानवीय पहल से ठंड से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने शांति ग्रुप के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है। शिक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाना ही सच्ची सेवा है।” उन्होंने कहा कि शांति ग्रुप शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और साथ ही सामाजिक सरोकारों में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहा है, जो अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
शांति ग्रुप के प्रतिनिधि सचिन जैन ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि शांति ग्रुप भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।
इस अवसर पर अनेक समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें वरिष्ठ समाजसेवी श्याम पाल भाई जी, पूर्व चेयरमैन प्रमेश सैनी, डॉ. अनुज अग्रवाल, युवा समाजसेवी ललित जैन, अमित जैन, शशांक सिंघल, उमेश मित्तल, अतुल सिंघल, उमेश गोयल, कपिल सैनी सहित पत्रकार अमन ठाकरान, अमीर आज़म खान, अभिनव जैन, प्रवीण गोयल आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी ने इस सेवा कार्य को मानवता की सच्ची मिसाल बताते हुए शांति ग्रुप की भूरी-भूरी प्रशंसा की।











