
शाहपुर भाजपा मंडल में गुटबाजी उजागर, महिला मोर्चा अध्यक्ष को हटाने के बाद बहाली
शाहपुर भाजपा मंडल में गुटबाजी उजागर, महिला मोर्चा अध्यक्ष को हटाने के बाद बहाली
शाहपुर।भाजपा शाहपुर मंडल में बुधवार को गुटबाजी खुलकर सामने आ गई, जब मंडल अध्यक्ष द्वारा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष को पद से हटाने का पत्र जारी किया गया और कुछ ही घंटों बाद जिला अध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद उन्हें पुनः बहाल कर दिया गया। इस घटनाक्रम से पार्टी संगठन में खलबली मच गई और मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा मंडल अध्यक्ष डॉ. मुनीष त्यागी ने भाजपा महिला मंडल मोर्चा की अध्यक्ष रूबी सैनी को उनके पद से हटाने का एक पत्र जारी किया। यह पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में रोष फैल गया। कई भाजपा नेताओं ने खुलकर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी भी मंडल अध्यक्ष को किसी मोर्चे के मंडल अध्यक्ष को हटाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने इसे संगठनात्मक मर्यादाओं के विपरीत बताया।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना था कि महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष रूबी सैनी पार्टी हित में पूरी निष्ठा और सक्रियता से कार्य कर रही हैं और उनके खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई अनुचित है। सोशल मीडिया पर भी पार्टी समर्थकों ने इस फैसले की आलोचना करते हुए सवाल उठाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने तत्काल संज्ञान लिया और मंडल अध्यक्ष से वार्ता की। जिलाध्यक्ष के हस्तक्षेप के बाद स्थिति में बदलाव आया। इसके उपरांत मंडल अध्यक्ष डॉ. मुनीष त्यागी ने एक नया पत्र जारी किया, जिसमें बताया गया कि महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष द्वारा स्पष्टीकरण देने तथा पार्टी की नीति, कार्यक्रमों और कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आश्वासन देने के बाद उन्हें उनके पद पर बहाल कर दिया गया है।
इस पूरे घटनाक्रम ने शाहपुर भाजपा मंडल में आंतरिक मतभेदों को उजागर कर दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि ऐसे मामलों को संगठन के भीतर संवाद के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए, ताकि पार्टी की छवि को नुकसान न पहुंचे और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर इसका नकारात्मक प्रभाव न पड़े।











