
शासन के ठंड अवकाश आदेशों के बीच गोयला गांव का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
शासन के ठंड अवकाश आदेशों के बीच गोयला गांव का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
शाहपुर। अत्यधिक ठंड को देखते हुए सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कक्षा 1 से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूल एवं कॉलेज बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे। इसके बावजूद बुधवार को क्षेत्र के गांव गोयला स्थित एक सरकारी विद्यालय के छात्रों की विद्यालय प्रांगण में खड़े होने की वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों पर तेजी से वायरल हो गई। वायरल वीडियो में शासन के आदेशों की अवहेलना करते हुए विद्यालय खोले जाने का आरोप लगाया जा रहा है, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी शाहपुर संजय भारती ने बताया कि वायरल वीडियो के संबंध में जांच कराई जा रही है तथा संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ठंड अवकाश के दौरान किसी भी विद्यालय को खोलने की अनुमति नहीं है और आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उधर, गांव के समाजसेवी सुभाष चंद्र बालियान ने इस मामले पर इस प्रकरण को स्पष्ट करते हुए बताया कि उन्होंने गांव के प्राइमरी स्कूल नंबर 1, नंबर 3, पश्चिम आर्य समाज में सुबह 11 बजे तथा प्राइमरी स्कूल नंबर 2 और जूनियर हाई स्कूल के विद्यार्थियों को पूर्वी आर्य समाज में दोपहर 12 बजे एकत्र कराया था। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विद्यालय संचालन के उद्देश्य से नहीं, बल्कि अभिभावकों की सहमति से एक शैक्षिक टेस्ट आयोजित करने के लिए किया गया था, ताकि प्रतिभाशाली छात्रों की पहचान की जा सके।
सुभाष चंद्र बालियान के अनुसार इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को टोपी, छोटा तौलिया और एजुकेशनल किट पुरस्कार स्वरूप वितरित की गई। कार्यक्रम में ग्रामीणों और अभिभावकों का सराहनीय सहयोग रहा। फिलहाल शिक्षा विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।











