
सोरम चौपाल पर लगा निशुल्क चिकित्सा शिविर, भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत ने किया उद्घाटन। 264 मरीजो ने कराया निशुल्क उपचार



सोरम चौपाल पर लगा निशुल्क चिकित्सा शिविर, भाकियू सुप्रीमो नरेश टिकैत ने किया उद्घाटन।
264 मरीजो ने कराया निशुल्क उपचार
शाहपुर। सर्वखाप मुख्यालय सोरम स्थित ऐतिहासिक चौपाल पर बुधवार को युवा भाकियू कमेटी बागपत के तत्वावधान में एक भव्य निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन भाकियू सुप्रीमो चौधरी नरेश टिकैत ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने स्वयं भी विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
शिविर का आयोजन डॉ. अमित चौधरी स्पेशलिटी हॉस्पिटल व ट्रामा सेंटर शामली द्वारा किया गया था, जिसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। शिविर में हृदय रोग, नाक-कान-गला, नेत्र रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग तथा बच्चों से संबंधित बीमारियों की जांच आधुनिक मशीनों से की गई। इसके साथ ही पैथोलॉजी जांच एवं दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

उद्घाटन अवसर पर बोलते हुए चौधरी नरेश टिकैत ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं को मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है”। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में समय-समय पर ऐसे चिकित्सा शिविर लगना अत्यंत आवश्यक है, जिससे ग्रामीणों को बड़े शहरों तक जाने की आवश्यकता न पड़े और उन्हें घर के पास ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने डॉक्टर अमित चौधरी व उनकी टीम के सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की।
शिविर में डॉ. अमित चौधरी, डॉ. निखिल मलिक, डॉ. अजय मलिक, डॉ. मनीष अग्रवाल, डॉ. स्वतंत्रता सिंह, डॉ. विकास शर्मा, डॉ. गौरव पोपली एवं डॉ. विद्या चौधरी सहित चिकित्सा टीम ने कुल 264 मरीजों की जांच कर उपचार किया। शिविर में पहुंचे मरीजों ने बताया कि उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विशेषज्ञों से जांच कराने का अवसर मिला, जो ग्रामीण क्षेत्र के लिए अत्यंत लाभकारी रहा।
यह चिकित्सा शिविर हाल ही में सोरम में आयोजित सर्वखाप पंचायत के सफल आयोजन की खुशी में युवा भाकियू बागपत अध्यक्ष धीरज राठी व महासचिव अक्षय तोमर के सहयोग से रखा गया था। दोनों ही पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग अच्छी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें।
शिविर के सफल संचालन से स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने चिकित्सकों तथा आयोजकों का आभार व्यक्त किया।











