मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने की महिला जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने की महिला जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर, 24 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर के जनपद आगमन पर महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं से जुड़े मामलों की गंभीरता से सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण द्वारा स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट किया गया। इसके बाद आयोजित जनसुनवाई में राष्ट्रीय महिला आयोग में पंजीकृत 48 प्रकरणों सहित अन्य मामलों पर सुनवाई की गई। अध्यक्ष ने सभी मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारियों से अनुपालन आख्या आयोग को उपलब्ध कराने को कहा।
जनसुनवाई के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं—जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा एवं अन्य योजनाओं—की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को इनका लाभ दिलाने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।


जनसुनवाई के उपरांत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिलाओं से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों से यह भी जानकारी ली गई कि इन योजनाओं का लाभ मिलने के बाद महिलाओं के जीवन स्तर और सामाजिक स्थिति में क्या परिवर्तन आया है।
बैठक में कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित पॉश एक्ट-2013 के तहत गठित आंतरिक एवं स्थानीय समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी के निर्देशन में स्थानीय समिति द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए पहल को सराहनीय बताया गया। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
अध्यक्ष ने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग से महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल “तेरे मेरे सपने” (प्री-मैरिटल काउंसलिंग सेंटर) को जनपद में शुरू करने के लिए प्रेरित किया, जिससे वैवाहिक जीवन से पहले परामर्श की सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके अतिरिक्त श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज, मुजफ्फरनगर में आयोजित कैंपस कॉलिंग कार्यक्रम में भी प्रतिभाग किया गया, जहां छात्राओं को आत्मनिर्भरता और करियर निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सा, कृषि, श्रम, उद्योग, बैंकिंग एवं महिला कल्याण विभाग से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। महिला जनसुनवाई और समीक्षा बैठक के माध्यम से जनपद में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने का प्रयास किया गया।


जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles