
स्कूल वैन की चपेट में आकर ढाई साल के मासूम की मौत, गांव उमरपुर में मचा कोहराम
स्कूल वैन की चपेट में आकर ढाई साल के मासूम की मौत, गांव उमरपुर में मचा कोहराम
मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव उमरपुर में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया, जब स्कूल वैन की चपेट में आकर ढाई साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। बताया गया कि सुबह बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए वैन गांव में पहुंची थी। उसी दौरान गली के पास खेल रहा ढाई साल का बच्चा अचानक सड़क पार करने लगा। इसी बीच वैन चालक ने बिना देखे गाड़ी आगे बढ़ा दी, जिससे बच्चा उसके नीचे आ गया।
बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह वाहन को रुकवाया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तत्काल बुढ़ाना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम छा गया और लोग घटना स्थल पर एकत्र हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर वैन को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार बताया जा रहा है। परिजनों ने चालक की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।











