
शाहपुर में प्रमुख समाजसेवी एवं व्यापारी अजय शर्मा के निधन से शोक की लहर
शाहपुर। कस्बे में प्रमुख समाजसेवी एवं प्रसिद्ध तंबाकू व्यापारी 65 वर्षीय अजय शर्मा के आकस्मिक निधन से शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार की देर रात्रि हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया और बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे।
अजय शर्मा लंबे समय से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते रहे। मिलनसार स्वभाव के कारण उनका कस्बे में व्यापक सम्मान था। सभी के दुख-दर्द को अपना समझकर साझा करते थे।शुक्रवार को कस्बे के श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में व्यापारियों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं कस्बावासियों ने सहभागिता की। श्मशान घाट पर उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।दाह संस्कार के उपरांत क्षेत्र के गणमान्य लोग समाजसेवी के आवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। सभी ने अजय शर्मा के निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। देर शाम क्षेत्रीय विधायक राजपाल बालियान ने उनके आवास पर पहुँचकर दुख की घड़ी में परिवार को सांत्वना दी।











